बीजेपी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित
अगले साल होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित कर दी है। भाजपा की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में 80 सदस्य शामिल हैं, इस राष्ट्रीय कार्यसमिति में प्रमुख रूप से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी, डॉ मुरली मनोहर जोशी, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह नितिन गडकरी, राज्यसभा में सदन के नेता केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल एवं सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी शामिल हैं. राष्ट्रीय कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य होंगे. इनमें मुख्यमंत्री, उप-मुख्यमंत्री, विभिन्न विधानसभा एवं विधान परिषद में विधायक दल के नेता, पूर्व उप-मुख्यमंत्री राष्ट्रीय प्रवक्ता राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी / सह प्रभारी प्रदेश अध्यक्ष शामिल हो गए हैं. बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 7 नवंबर को दिल्ली में होगी. पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा के नेतृत्व में यह पहली कार्यकारिणी बैठक होगी.
कार्यकारिणी में कुल 309 सदस्य घोषित
बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में कुल 309 सदस्य घोषित किए गए हैं. रविशंकर प्रसाद, प्रकाश जावड़ेकर, हर्षवर्धन का नाम शामिल है. वहीं इस सूची में पार्टी के सभी पदाधिकारी, मोर्चों के अध्यक्ष, सभी प्रवक्ता, सभी प्रदेशों के अध्यक्ष शामिल किए गए हैं.
दरअसल, जब आज भाजपा ने 80 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी घोषित की तो सबकी नजर इस बात पर गई कि इसमें वरुण गांधी का नाम नहीं है। बीते कुछ समय से वरुण गांधी न सिर्फ केंद्र की मोदी सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे हैं, बल्कि लखीमपुर खीरी कांड को लेकर भी योगी सरकार के खिलाफ लगातार मुखर रहे हैं। लखीमपुर खीरी कांड में वरुण गांधी हर दिन ट्वीट कर-करके योगी सरकार पर दबाव बनाते नजर आए हैं।
बता दें कि भाजपा महासचिव अरूण सिंह की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक कार्यसमिति में 50 विशेष आमंत्रित सदस्य और 179 स्थायी आमंत्रित सदस्य (पदेन) भी होंगे, जिनमें मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता, पूर्व उपमुख्यमंत्री, राष्ट्रीय प्रवक्ता, राष्ट्रीय मोर्चा अध्यक्ष, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और संगठक शामिल हैं। भाजपा की राष्ट्रीय कार्यसमिति विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करती है और संगठन के कामकाज की रूपरेखा तय करती है। कोविड-19 महामारी के चलते लंबे समय से राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक नहीं हुई है। कार्यसमिति के मनोनित सदस्यों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय मंत्री, सांसद व वरिष्ठ नेता शामिल हैं। कार्यसमिति में पूर्व मंत्रियों हर्षवर्धन, प्रकाश जावड़ेकर और रविशंकर प्रसाद को भी जगह दी गई है।