अयोध्या में भव्य कार्यक्रम, राम की पैड़ी पर जलाए गए 9.45 लाख दीये, बना वर्ल्ड रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम हुआ और इस दौरान पूरी अयोध्या रोशनी से जगमगा उठी। आज अयोध्या में 12 लाख दीये जलाए गए जो एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई केंद्रीय मंत्री अयोध्या में मौजूद रहे। इसके पहले नगर के साकेत पीजी कॉलेज से राम राज्याभिषेक शोभायात्रा जय श्रीराम के उद्घोष और शंखनाद के साथ रवाना हुई। जिसमें भारत की लोक संस्कृति के अलग-अलग रंग देखने को मिले। शोभयात्रा को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी ने रामभक्तों की आस्था को नमन किया और पिछली सरकारों पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए उन्हें निशाने पर लिया।

राम की पैड़ी पर जलाए गए 9.45 लाख दीप
सरयू किनारे राम की पैड़ी पर दीपावली की पूर्व संध्या पर बुधवार को एक बार फिर जैसे त्रेतायुग जीवंत हो उठा। योगी सरकार के पांचवें दीपोत्सव के तहत 9 लाख 54 दीप एक साथ प्रज्वलित हुए तो न केवल गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड बना, बल्कि एक बार फिर अद्भुत…अप्रतिम…दिव्य अयोध्या के दर्शन भी हुए। इन दीयों को जलाने में करीब 40 मिनट का समय लगा। विदेशी राजदूतों समेत दस हजार मेहमान और बीस हजार से अधिक युवा तो इन पलों के साक्षी थे ही, ई-प्लेटफॉर्म पर करोड़ों दर्शक भी इसके गवाह बने।

32 टीमों ने मिलकर 12 लाख दीये जलाए
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में बुधवार को भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन हुआ और राम की नगरी को 12 लाख दीयों से सजाया गया। 32 टीमों ने मिलकर 12 लाख दीये जलाए। ये एक वर्ल्ड रिकॉर्ड है। 12 लाख दीयों को जलाने के लिए 36 हजार लीटर सरसों के तेल का इस्तेमाल हुआ। राम की पैड़ी पर 9 लाख और अयोध्या के बाकी हिस्सों में 3 लाख दीपक जलाए गए। जबकि रामजन्म भूमि परिसर में 51 हजार दीये जलाए गए। दीयों की गिनती के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी पहुंची थी।

असंभव काम संभव हुआ है: योगी
सीएम योगी ने कहा कि पूरी दुनिया कहती थी कि यह काम असंभव है लेकिन सभी अवरोधों को खत्म करते हुए राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का कार्य बिना रुकावट चल रहा है। यह भारत के लोकतंत्र की ताकत है, यहां के जनमानस की आस्था की शक्ति है। उन्होंने कहा कि असंभव कार्य संभव हुआ है।

दीपोत्सव और मंदिर निर्माण मेरे लिए बहुत अहम: योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दीपोत्सव और श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर का निर्माण मेरे लिए बहुत महत्वपूर्ण है। मेरा सौभाग्य है कि मैं इनमें सक्रिय सहयोग दे पा रहा हूं। योगी ने कहा कि प्रभु स्वयं तय करते हैं कि किस भूमिका में किसे काम करना है। सब प्रभु की लीला है। योगी ने कहा कि आज ऐसा लगता है कि अगर आप इसे जारी रखेंगे तो जिन लोगों ने कारसेवकों पर गोलियां चलवाई थीं वो और उनका पूरा परिवार अगली कारसेवा के लिए पंक्तिबद्ध हो जाएगा। जब अगली कारसेवा होगी तब भगवान राम और भगवान कृष्ण के भक्तों पर गोलियां नहीं फूल बरसाए जाएंगे। यह लोकतंत्र की शक्ति है।

15 करोड़ लोगों को होली तक मिलेगा मुफ्त राशन: योगी
अयोध्या में मुख्यमंत्री योगी ने एक अहम एलान भी किया। उन्होंने कहा कि आज एक पवित्र अवसर है और राम राज्य के स्वप्न को पूरा करने के लिए हम मुफ्त राशन योजना (प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना) का होली तक विस्तार कर रहे हैं। अंत्योदय कार्ड धारकों को अब दिसंबर, जनवरी, फरवरी और मार्च में 35 किलो मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा। इसमें चावल और गेहूं के साथ-साथ दाल, चीनी, नमक और तेल भी दिया जाएगा। इस योजना के तहत 15 करोड़ लोगों को होली तक मुफ्त राशन वितरित किया जाएगा।