देश के पांच शहरों में खुलेंगे वेद विद्या प्रतिष्ठानः धर्मेंद्र प्रधान

उज्जैन। केंद्रीय शिक्षा, कौशल विकास व उद्यमिता मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि जल्द ही देश के पांच शहरों द्वारका, बद्रीनाथ, पुरी, गुवाहाटी व श्रृंगेरी में नए वेद विद्या प्रतिष्ठान खोले जाएंगे। यह बात उन्होंने बुधवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान के यज्ञशाला का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने यह भी घोषणा की कि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान के विद्यार्थियों को सेकेंडरी परीक्षा बोर्ड की मान्यता दी जाएगी। अभी तक वेद विद्या पाठियों को कोई भी डिग्री या प्रमाण पत्र देने की व्यवस्था नहीं थी, मगर अब प्रमाण पत्र मिलेगा। उन्हें रसायन, गणित, भूगोल आदि विषयों में भी पारंगत किया जाएगा। संस्कृत में ही इसकी पढ़ाई होगी और उच्च शिक्षा दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

वेद हमारी संस्कृति का आधार हैं
इस मौके पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने, वेदों के सस्वर पाठ की प्रासंगिकता को आधुनिक समाज में बनाए रखने व वेदों के संरक्षण और संवर्धन के लिए महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान देश भर के 6,000 से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रही हैI वेद हमारी संस्कृति का आधार हैं। हमारी वैदिक परंपरा कालजयी है। वेदों को विद्वता के साथ लोक अभ्यास का विषय बनाने के लिए भारत सरकार ने महर्षि सांदीपनि प्रतिष्ठान की अगुआई में हमारे लोक आस्था के चारों धाम व माँ कामाख्या के पदस्थान पर पांच वेद विद्यापीठ के निर्माण का निर्णय लिया है। अभी तक हमारे पास वेद विद्या के लिए डिग्री की व्यवस्था नहीं है। हमारी अनमोल वेद व्यवस्था को आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने के किए भारत सरकार जल्द ही निर्णय करने जा रही है।

महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान को भव्य वैज्ञानिक और आधुनिक केंद्र बनाएंगे
उनके मुताबिक, महर्षि सांदीपनि प्रतिष्ठान को माध्यमिक बोर्ड का दर्जा देने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। भारत एक नारी प्रधान देश है। वेदों के माध्यम से भारतीयता को विश्व के सामने लाने के लिए माताओं-बहनों को भी वेद के अध्ययन में प्राथमिकता देनी होगी। सामूहिक प्रयास और जिम्मेदारी से हम सब महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेदविद्या प्रतिष्ठान को एक भव्य वैज्ञानिक और आधुनिक केंद्र बनाएंगे। इस दौरान केंद्रीय मंत्री प्रधान ने प्रतिष्ठान के सभागार, कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लासरूम का भी लोकार्पण किया। कार्यक्रम में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डा. मोहन यादव, सांसद अनिल फिरोजिया, सारस्वत अतिथि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य सुरेश सोनी मौजूद रहे।