उत्‍तराखंड के 11वें CM बने पुष्‍कर सिंह धामी, 11 मंत्रियों ने भी ली पद की शपथ

देहरादून, 45 साल के पुष्‍कर सिंह धामी उत्‍तराखंड के 11वें मुख्‍यमंत्री बन गए हैं। रविवार शाम राजभवन में आयोजित समारोह में उन्‍होंने सीएम पद की शपथ ली। राज्‍यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्‍हें शपथ ग्रहण कराया। पिछले साढ़े चार सालों में उत्‍तराखंड को तीसरा सीएम मिला है। इससे पहले त्रिवेंद्र सिंह रावत और तीरथ सिंह रावत सीएम रह चुके हैं। धामी राज्‍य के सबसे कम उम्र के सीएम बन गए हैं। धामी के साथ 11 मंत्रियों ने भी शपथ ग्रहण किया। इनमें सतपाल महाराज, डॉ हरक सिंह रावत, यशपाल आर्य, डॉ धन सिंह रावत, बिशन सिंह चुफल, गणेश जोशी, अरविंद पांडे, सुबोध उनियाल, रेखा आर्या, यतेश्‍वरानंद और बंशीधर भगत का नाम शामिल है। ये सारे मंत्री तीरथ सिंह रावत सरकार में भी शामिल थे। खास बात यह रही कि इस बार कोई राज्‍य मंत्री नहीं बना। सभी को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई है।

दूसरी बार विधायक से सीएम की कुर्सी तक
पुष्कर सिंह धामी 2012 में पहली बार खटीमा सीट से विधायक बने। उन्होंने तब कांग्रेस के देवेंद्र चंद को करीब 5 हजार वोटों से अंतर से हराया था। 2017 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में धामी ने खटीमा से लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। इस बार उन्होंने कांग्रेस के भुवन चंद्र कापड़ी को 3 हजार से कम अंतर से हराया। अब वह उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।